गाजीपुर : स्वजातीय जिलाध्यक्ष ही नहीं साध पाए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल ने दिया इस्तीफा, भाजपा में जाने की चर्चाएं तेज

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी में पीडीए की बैठकों के जरिए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को जोड़ने की कवायद के बीच महिला सभा की जिलाध्यक्ष विभा पाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के कार्यकाल में जिले की राजनीति में अच्छी पकड़ रखने वाली और अपनी स्वजातीय बिरादरी में प्रभाव रखने वाली विभा पाल के इस फैसले को राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। उनके इस्तीफे के बाद जिले में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे मौके पर भाजपा नेत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के साथ उनकी तस्वीरें वायरल होने के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि विभा पाल ने व्यक्तिगत कारणों और अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए सपा जिलाध्यक्ष को व्हाट्सएप के माध्यम से अपना त्यागपत्र भेजा है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में वह महिला सभा के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ने का निर्णय लेते हुए त्यागपत्र स्वीकार करने का अनुरोध किया है। विभा पाल ने खुद भी इस्तीफा भेजने की पुष्टि की है। लेकिन उनके इस्तीफे के राजनीतिक मायने इसलिए भी निकाले जा रहे हैं, क्योंकि जिले में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए के तहत लगातार बैठकें और संगठनात्मक गतिविधियां की जा रही हैं। ऐसे समय में जिले में प्रभाव रखने वाली महिला पदाधिकारी का पद छोड़ना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारणों के अलावा कोई अन्य वजह है या नहीं, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इधर, भाजपा की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के साथ विभा पाल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद उनके भाजपा में जाने की चर्चाओं को और हवा मिली है। हालांकि, विभा पाल की ओर से भाजपा में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष ने विभा पाल के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह संघर्षशील महिला हैं और उन्हें अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। अब देखना होगा कि विभा पाल अपने इस्तीफे के फैसले पर कायम रहती हैं या पार्टी नेतृत्व के आग्रह के बाद कोई नया निर्णय लेती हैं।

