जंगीपुर : स्कूल में झूला झूलने के दौरान लटके तार के करंट से मासूम की मौत, परिजनों से हाथापाई, शिकायत के बावजूद तार न हटाने का आरोप

जंगीपुर। नगर के गोविंद नगर स्थित दानिश मेमोरियल (डीएम) पब्लिक स्कूल में स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही से शनिवार की सुबह करंट लगने से कक्षा तीन के छात्र 7 वर्षीय उत्कर्ष गुप्ता पुत्र दिलीप गुप्ता की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर में झूले पर खेलते समय वह पास में लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि झूले के पास लटक रहे बिजली के तार से खतरे की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन उसे सुरक्षित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। परिजनों ने घटना के बाद स्कूल प्रबंधन के अभद्रतापूर्ण रवैये पर भी सवाल उठाए हैं। गोविंद नगर निवासी दिलीप गुप्ता का पुत्र उत्कर्ष शनिवार सुबह करीब आठ बजे परीक्षा देने स्कूल पहुंचा था। परिजनों के अनुसार, परीक्षा और प्रार्थना शुरू होने से पहले वह विद्यालय परिसर में लगे झूले पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान झूले के पास लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजनों का आरोप है कि करंट लगने से उसकी गर्दन भी झुलस गई थी। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का आरोप है कि हादसे की सूचना उन्हें स्कूल प्रबंधन की ओर से सीधे नहीं दी गई। परिवार के ही एक अन्य बच्चे ने फोन कर उत्कर्ष को करंट लगने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। उनका दावा है कि स्कूलकर्मी पहले बच्चे को स्थानीय मेडिकल स्टोर पर ले गए और फिर दो आया के साथ गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के अनुसार, बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। मृतक के मामा दीपक कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि झूले के पास बिजली का तार लटक रहा था और इस खतरे के बारे में बच्चों ने पहले भी शिकायत की थी। इसके बावजूद तार को हटाने या सुरक्षित करने की दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते तार को ठीक करा दिया गया होता तो संभवतः यह हादसा टल सकता था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब वे विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता मौके पर मौजूद नहीं थे। उनका दावा है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने महिलाओं को आगे कर उनके साथ हाथापाई की और घटना का वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश की। परिजनों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज गुप्ता ने बताया कि वह जरूरी काम से कार से पटना जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें घटना की सूचना मिली। उन्होंने बच्चे को तत्काल पहले स्थानीय अस्पताल और फिर जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई। प्रधानाचार्य के अनुसार, रात में बंदरों के कारण बिजली का तार टूटकर गिर गया था। यह तार विद्यालय की चहारदीवारी के ऊपर लगाया गया था। तार टूटने और झूले के पास उसके लटकने की परिस्थितियों को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। मृतक उत्कर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन अदिति है। बेटे की मौत के बाद मां-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस विद्यालय में बच्चे पढ़ने और खेलने के लिए जाते हैं, वहां करंट की चपेट में आने से हुई इस घटना ने परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर बिजली के तार की स्थिति, विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के बाद अपनाई गई प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।

