सैदपुर : धनुष यज्ञ में श्रीराम ने भंग किया भगवान शिव का पिनाक, लक्ष्मण-परशुराम संवाद व सीता स्वयंवर ने बांधा समां





सैदपुर। नगर के पक्का घाट स्थित रामलीला मंच पर शुक्रवार की रात धनुष यज्ञ, जनक दुख वर्णन और लक्ष्मण-परशुराम संवाद की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवाद अदायगी से दर्शकों का मन मोह लिया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी पहुंचे। लीला के दौरान राजा जनक की ओर से आयोजित सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। स्वयंवर में शामिल देश-विदेश के राजा-महाराजाओं ने शिवधनुष को उठाकर उस पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सका। इससे राजा जनक निराश हो गए। उनकी व्याकुलता देखकर स्वयंवर में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। राजा जनक के दुख को देखकर दरबार का माहौल गंभीर हो गया। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम शिवधनुष के पास पहुंचे। उन्होंने सहज भाव से धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान शिवधनुष टूट गया। धनुष टूटते ही पूरा रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद माता सीता ने भगवान श्रीराम के गले में जयमाला पहनाई। इस प्रसंग का मंचन होते ही दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। शिवधनुष टूटने की आवाज सुनकर भगवान परशुराम क्रोधित होकर जनक दरबार पहुंचे। वहां लक्ष्मण और परशुराम के बीच तीखा संवाद हुआ। लक्ष्मण ने अपने ओजस्वी और व्यंग्यपूर्ण वचनों से परशुराम के क्रोध का जवाब दिया। दोनों के बीच हुए संवाद ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वहीं, भगवान श्रीराम ने अपने विनम्र और शांत स्वभाव से स्थिति को संभालने का प्रयास किया। कलाकारों ने विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन कर रामलीला को जीवंत बना दिया। देर रात तक दर्शक मंचन का आनंद लेते रहे। धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा और विनम्रता का संदेश दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : थाना दिवस का हुआ आयोजन, अपनी लंबित मांगों को लेकर लेखपालों ने थाने में काली पट्टी बांधकर किया कार्य
जंगीपुर : स्कूल में झूला झूलने के दौरान लटके तार के करंट से मासूम की मौत, परिजनों से हाथापाई, शिकायत के बावजूद तार न हटाने का आरोप >>