निकाय चुनाव के लिए डीएम व एसपी ने सैदपुर में लगाया चौपाल, पैदल गश्त करने के बाद चेक किया स्ट्रांग रूम





सैदपुर। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर सैदपुर कोतवाली में एसपी व डीएम ने नगर के साभ्रांतजनों के साथ चौपाल लगाया। जिसमें उन्होंने चुनाव आयोग के गाइडलाइंस के बारे में जानकारी देते हुए चुनावी उपक्रमों की जानकारी दी। साथ ही वहां आए लोगों से आवश्यक सलाह भी मांगी और उन पर अमल करने का भरोसा दिया। इसके पश्चात उन्होंने कस्बे में फ्लैग मार्च भी किया और टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम व बूथों का निरीक्षण किया। डीएम आर्यका अखौरी, एसपी ओमवीर सिंह व एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार कोतवाली में पहुंचे। इस दौरान एसपी ने कहा कि चुनाव को पूरी ईमानदारी के साथ संपन्न कराएं। कहा कि सुरक्षा व्यवस्था से हम किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे। सीओ विजय कुमार शाही से कहा कि वो बदमाशों पर कार्रवाई करें। उनकी गिरफ्तारी करें और अन्य को जिला बदर करें। कहा कि पूरे क्षेत्र में पुलिसकर्मी लगातार सर्विलांस कर रहे हैं। क्षेत्र में हो रही हर छोटी से छोटी गतिविधि पर हमारी नजर हैं। क्षेत्र में शराब आदि वितरित करने की शिकायत पर कहा कि अगर किसी को जानकारी हो तो भी साझा कर सकते हैं, कार्रवाई की जाएगी। डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मदाताओं की मदद से संबंधित हर तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। कहा कि महिलाओं के एक विशेष बूथ बनाए जाएंगे। जहां पर मतदान कर्मी से लेकर हर कर्मचारी महिलाएं ही होंगी। ऐसा उनकी सहूलियत व महिला भागीदारी को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। कहा कि महिलाओं को जनता चुन तो लेती है, लेकिन उनके काम उनके पति या घर के अन्य लोग ही करते हैं। इस बार हमें ये खत्म करना होगा। महिलाएं ही अपने कुर्सी की जिम्मेदारी निभाएं। बूथों पर टेंट को बड़ा करने व पेयजल के सवाल पर कहा कि व्यवस्था की जाएगी। अशक्त मतदाताओं के लिए कहा कि जो पूर्ण रूप से चलने में अक्षम हैं, सिर्फ उनके साथ हेल्पर जा सकता है। कहा कि मतदान के दिन बूथ तक वाहन नहीं जाएंगे। सिर्फ दिव्यांगजनों या अशक्त लोगों को बूथ तक पहुंचाने के लिए वाहन का प्रयोग हो सकता है। इसके अलावा बूथ के 100 मीटर तक किसी भी तरह के बाहरी लोगों को रहने की इजाजत नहीं होगी। कहा कि अगर 100 मीटर के दायरे में कोई घर है तो वहां सिर्फ वहीं लोग होंगे, जो घर में रहते हैं। बाहरी लोगों के मिलने पर जेल तक भेजा जा सकता है। इसके पश्चात अधिकारी द्वय पैदल गश्त को निकले। आधे रास्ते तक गए तो बेहद तेज बारिश होने लगी। जिसके बाद वो वाहन से टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में बनाए गए 6 बूथों व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इसके पश्चात वहां रैंप आदि की व्यवस्था देखी और फिर रवाना हो गए। इस मौके पर एसडीएम डॉ. पुष्पेंद्र पटेल, सीओ विजय शाही, तहसीलदार, नायब तहसीलदार आशीष सिंह, ईओ आशुतोष त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमाशंकर सिंह काठू, संजीव पांडेय, बसंत सेठ, हर्षद सोनकर, आलोक यादव, देवप्रकाश जायसवाल, आकाश पांडेय आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नकली सोना व हीरा दिखाकर महिलाओं को ठगने वाले दो शातिर अंतर्जनपदीय ठग गिरफ्तार, नकली सोना व हीरा बरामद
पॉक्सो का फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार >>