राज्यमंत्री ने दिव्यांगों में किया ट्राई साइकिल व व्हील चेयर का वितरण, गोदभराई के साथ मना कन्या जन्मोत्सव





सैदपुर। नगर स्थित ब्लाक मुख्यालय पर जिला दिव्यांग कल्याण विभाग व महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में कृत्रिम सहायक उपकरण व कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां बतौर मुख्य अतिथि आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु पहुंचे और 103 दिव्यांगों में व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, अंधछड़ी आदि उपकरण का वितरण किया। जिसे पाकर पात्रों के चेहरे खिल उठे। वहीं 20 महिलाओं में बेटी किट, तौलिया व मिठाईयों का वितरण करते हुए केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद गर्भवती महिलाओं में पोषण सामग्री का भी वितरण किया। वहीं उन्होंने मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए लोगों से इसका प्रयोग ज्यादा मात्रा में करने की अपील की। कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हर क्षेत्र में कल्याणकारी योजनाएं संचालित हर सभी को अच्छादित कर रही है। दिव्यांगों को सुविधा प्रदान करने के लिए कृत्रिम उपकरण प्रदान कर रही है तो उन्हें दिव्यांग पेंशन के साथ ही आत्मनिर्भर बनाने का भी कार्य कर रही है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ योजना पर सरकार की अहम नजर है। आज यहां केक काटकर बच्चियों को जन्मदिन मनाया गया। सरकार द्वारा बेटियों के जन्म से लेकर उन्हें स्नातक तक की पढ़ाई निःशुल्क प्रदान की जा रही है। साथ ही सुकन्या योजना चलाकर उनका भविष्य भी सुरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बच्चियों को अपने हाथ से रोली का टीका लगाया और चटावन संस्कार भी किया। कहा कि बेटियां बहुत ही प्यारी होती हैं। वह एक नहीं, बल्कि दो घरों का सहारा बनती है। इसलिए उनके प्रगति पथ पर किसी तरह की बाधा न आने दें। मंत्री ने कहा कि पहले के समय में यूपी की सरकारों की देश में बेहद छवि नकारात्मक थी, लेकिन बीते कुछ वर्षों में हमारा प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। माफियाराज खत्म हो चुका है। आज आमजन पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहा है। एक समय था जब एक सप्ताह दिन व एक सप्ताह रात में बिजली होती थी, लेकिन आज बिजली कब जाकर आ जाती है, पता नहीं चलता। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में ज्वार, बाजरा, धान आदि की उपज अन्य प्रदेशों तक जाती है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती के माध्यम से किसान अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं। एमएलसी विशाल सिंह ने कहा कि मंत्री जी भी इसी ब्लाक के रहने वाले हैं और मैं भी, ऐसे में जिले के साथ ही इस ब्लाक का भी चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले वाराणसी से गाजीपुर जाने में तीन घंटे लगते थे, आज एक घंटे में पहुंच जा रहे है। प्रदेश सरकार द्वारा सुरक्षा के साथ ही हर क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, एसडीएम डा पुष्पेंद्र पटेल, बीडीओ अरविंद यादव, ईओ आशुतोष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख हीरा सिंह यादव, अखिलेश सिंह, दयाशंकर पांडेय, राजीव सिंह, सुधीर पाटिल, शैलेंद्र सिंह, पूनम मौर्या आदि थे। संचालन पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार विश्वकर्मा ने किया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< देवकली : सम्मान समारोह में मेधावी बच्चों को किया गया सम्मानित, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों का मोहा मन
सही पोषण से होता है बीमारियों से बचाव, 20 मार्च से 3 अप्रैल तक चलेगा पोषण पखवाड़ा >>